कोलकाता: धर्मतला के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला होटल में लगी भीषण आग ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में झारखंड के गिरिडीह निवासी 19 वर्षीय संदीप पासवान की भी मौत हो गई। परिवार ने अस्पताल में उनके बुरी तरह झुलसे शव की पहचान कर ली है।
पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उठाने निकले थे संदीप
परिवार के मुताबिक, संदीप के पिता का करीब पांच साल पहले निधन हो गया था। घर की आर्थिक स्थिति में मदद करने और परिवार का सहारा बनने के लिए संदीप ने पढ़ाई छोड़कर काम शुरू किया था। करीब पांच महीने पहले वह रोजगार की तलाश में गिरिडीह से कोलकाता आए थे।
चाचा ने दिलाई थी होटल में नौकरी
संदीप के चाचा सीताराम पासवान उन्हें कोलकाता लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने ही धर्मतला के इस होटल में संदीप को सफाई कर्मचारी की नौकरी दिलाई थी। संदीप यहां काम करने के साथ परिवार की आर्थिक मदद कर रहे थे।
हादसे की रात होटल में ही मौजूद थे संदीप
जिस वक्त होटल में आग लगी, उस समय संदीप होटल के अंदर ही थे। बताया जा रहा है कि वह सो रहे थे। आग फैलने के साथ होटल में धुआं भर गया और कई लोग अंदर फंस गए। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया और करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
झुलसे शव से हुई संदीप की पहचान
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि संदीप का शव बुरी तरह झुलस गया था। उनके चेहरे और सीने का हिस्सा गंभीर रूप से जल गया था। परिवार के सदस्य बुधवार को कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान की। संदीप की मौत की खबर से गिरिडीह स्थित उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है।
फ्रिज के कंप्रेसर को लेकर परिवार ने जताई आशंका
परिवार की ओर से आशंका जताई गई है कि होटल में मौजूद फ्रिज के कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग भड़की हो सकती है। हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी जांच का विषय है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां होटल की सुरक्षा व्यवस्था और आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।
होटल अग्निकांड में 9 लोगों की मौत
धर्मतला के इस होटल में लगी आग में अब तक 9 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। मृतकों में पुरुषों के अलावा महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कई लोगों की मौत आग से झुलसने के बजाय घने धुएं के कारण दम घुटने से हुई।