कोलकाता: मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल शिखा इन में हुए भीषण अग्निकांड की जांच में कोलकाता पुलिस के लालबाजार डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने होटल के लीज होल्डर अबू जफर को देर रात गिरफ्तार कर लिया। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस अब होटल के संचालन, सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और अग्निकांड के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
इंटाली मेन मार्केट से अबू जफर गिरफ्तार
डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम ने कार्रवाई करते हुए अबू जफर को इंटाली पुलिस स्टेशन क्षेत्र के इंटाली मेन मार्केट से गिरफ्तार किया। अबू जफर कोलकाता के जोड़ासांको इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
दो अन्य कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया गया
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। होटल यापन के एक मैनेजर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। होटल के एक अन्य कर्मचारी से भी डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम पूछताछ कर रही है। पुलिस इन लोगों से होटल के संचालन, कर्मचारियों की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दस्तावेजों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन की जांच
अग्निकांड के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल उठे हैं। विशेष जांच दल यानी SIT इस बात की जांच कर रही है कि कथित तौर पर फायर NOC के अभाव, आपातकालीन निकासी मार्गों में रुकावट और बिजली व्यवस्था में संभावित अनियमितताओं के बावजूद होटल का संचालन कैसे जारी रहा। अबू जफर से पूछताछ के जरिए पुलिस होटल के स्वामित्व और लीज व्यवस्था, प्रबंधन की जिम्मेदारी तथा सुरक्षा मानकों के पालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। हादसे में 9 लोगों की मौत के बाद पुलिस की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां या कार्रवाई हो सकती है।