कोलकाता: कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की तारीखों का ऐलान हो गया है। इस बार फिल्म महोत्सव 16 दिसंबर से 23 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। नंदन में हुई तैयारी बैठक में आयोजन की तारीखों पर मुहर लगी। राष्ट्रीय कैलेंडर के अनुरूप फिल्म फेस्टिवल आयोजित करने की जानकारी दी गई है।
उत्तम कुमार की जन्मशताब्दी पर भव्य आयोजन
महानायक उत्तम कुमार की जन्मशताब्दी के मौके पर पश्चिम बंगाल सरकार बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है। 3 से 6 सितंबर तक चार दिवसीय विशेष कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा अगले एक साल तक उत्तम कुमार के जीवन और सिनेमा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
नंदन में बनेगा कैंप ऑफिस, मांगे जाएंगे सुझाव
जन्मशताब्दी समारोह की तैयारियों को लेकर नंदन में एक कैंप ऑफिस बनाने की योजना है। यहां आम लोग और कला-संस्कृति से जुड़े लोग अपने सुझाव दे सकेंगे। सरकार समारोह की रूपरेखा तैयार करने में फिल्म और मनोरंजन जगत की प्रमुख हस्तियों की राय भी ले रही है।
उत्तम कुमार की पसंदीदा फिल्म पर मुख्यमंत्री का जवाब
जब मुख्यमंत्री से पूछा गया कि उत्तम कुमार की उनकी पसंदीदा फिल्म कौन-सी है, तो उन्होंने इसका जवाब अभी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जन्मशताब्दी समारोह के दौरान इस सवाल का जवाब देंगे। उन्होंने उत्तम कुमार की जन्मशताब्दी मनाने को अपने लिए ईश्वर के आशीर्वाद जैसा बताया।