कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के जादवपुर संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले विजयगढ़, बाघाजतिन और कुसुम कानन इलाकों में शनिवार शाम से देर रात तक भारी राजनीतिक हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। बाइक सवार उपद्रवियों ने पूर्व तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक देबब्रत मजूमदार के विजयगढ़ स्थित आवास और पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की। इसके अलावा बाघाजतिन के पास स्थित कुसुम कानन में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) के पार्टी कार्यालय और वार्ड संख्या 96 में CPIM के शहीद बेदी को भी निशाना बनाया गया। हिंसा का दायरा कोलकाता नगर निगम के वार्ड 96, 100 और 102 तक फैल गया, जहां दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की खबरें हैं।
TMC और CPIM का BJP पर हमला, निकाला विरोध मार्च
घटना के विरोध में और हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को TMC के कालीघाट शिविर की ओर से विजयगढ़ से बाघाजतिन होते हुए जादवपुर तक एक विशाल विरोध रैली निकाली गई। इस रैली का नेतृत्व पूर्व विधायक देबब्रत मजूमदार, बैश्वानर चट्टोपाध्याय, उपासना चौधरी और स्थानीय नेताओं ने किया।TMC नेता बैश्वानर चट्टोपाध्याय ने आरोप लगाया कि "BJP विरोधियों पर दमन और उत्पीड़न की राजनीति कर रही है।" वहीं CPIM के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने मीडिया से बातचीत में कहा, "इलाके में रोज गुंडागर्दी चल रही है। जादवपुर से पहले सोनारपुर में भी ऐसा ही हुआ। हमारी मांग है कि राज्य में कानून का शासन लागू किया जाए।"
पुलिस की भूमिका पर सवाल और पीड़ित परिवार का बयान
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विजयगढ़ बाजार स्थित देबब्रत मजूमदार के कार्यालय को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया गया और उनके घर के बाहर TMC तथा BJP समर्थकों के बीच तीखी झड़प हुई। देबब्रत मजूमदार के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिवार का कहना है, "हमने घटना के दौरान बार-बार पुलिस को फोन किया, लेकिन पुलिस सूचना देने के एक घंटे बाद मौके पर पहुंची।" दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं और मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज (CCTV footage) को खंगाला जा रहा है।
BJP का आरोपों से इनकार, बताया TMC की अंदरूनी गुटबाजी
BJP ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पश्चिम बंगाल BJP प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कहा: "इन हमलों में BJP का कोई हाथ नहीं है। पार्टी कार्यालय या शहीद बेदी तोड़ना BJP की संस्कृति नहीं है। देबब्रत मजूमदार पहले BJP में ही थे, बाद में TMC में शामिल हुए। उनके पिता जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक थे और उनके भाई भी संघ परिवार से जुड़े हैं। हमारे दल का कोई कार्यकर्ता केशव मजूमदार के घर पर हाथ नहीं उठा सकता।"वहीं, स्थानीय BJP विधायक शर्बरी मुखर्जी के नेतृत्व में BJP कार्यकर्ताओं ने भी जादवपुर इलाके में जवाबी जुलूस निकाला। BJP का दावा है कि उनके कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट की गई है और यह पूरा विवाद TMC के अंदरूनी गुटों के बीच की लड़ाई का नतीजा है।
हरिदेवपुर में भी तनाव
जादवपुर की इस घटना के साथ-साथ दक्षिण कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके में भी CPIM के एक पार्टी दफ्तर में तोड़फोड़ करने और उस पर भगवा रंग पोतने का आरोप वाममोर्चे की तरफ से BJP पर लगाया गया है। इलाके में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।