कोलकाता: नवंबर में कोलकाता नगर निगम चुनाव होने की संभावनाओं के बीच पश्चिम बंगाल भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को उत्तर और दक्षिण कोलकाता के विधायकों के साथ पार्टी नेतृत्व ने कई दौर में बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
7 दिसंबर तक बोर्ड गठन की तैयारी?
सूत्रों के मुताबिक, 7 दिसंबर तक कोलकाता नगर निगम का नया बोर्ड गठित करने की समयसीमा को ध्यान में रखते हुए भाजपा संगठन स्तर पर तैयारियां कर रही है। हालांकि, अभी चुनाव की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
बैठक में कई बड़े नेता रहे मौजूद
बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल, प्रदेश नेतृत्व के सुकांत मजूमदार और अमिताभ चक्रवर्ती समेत कई नेता मौजूद रहे। इसके अलावा स्वपन दासगुप्ता, सजल घोष और रितेश तिवारी समेत कोलकाता के कई विधायक भी बैठक में शामिल हुए।
वार्ड और बूथ स्तर की तैयारियों पर फोकस
बैठक में संभावित चुनावी स्थिति के साथ-साथ वार्ड स्तर पर संगठन की ताकत, बूथ स्तर की तैयारियों और संभावित उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने उत्तर और दक्षिण कोलकाता में संगठन की मौजूदा स्थिति की भी जानकारी विधायकों से ली।
चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की कवायद
नवंबर में चुनाव की संभावना को देखते हुए भाजपा ने आधिकारिक घोषणा का इंतजार किए बिना संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी का फोकस स्थानीय स्तर पर संगठन को सक्रिय कर संभावित नगर निगम चुनाव के लिए मजबूत तैयारी करने पर है।