कोलकाता: दुर्गापूजा से पहले कोलकाता को अधिक व्यवस्थित और जाम मुक्त बनाने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य सरकार ने शहर की पार्किंग व्यवस्था, सड़कों की निगरानी और सार्वजनिक स्वच्छता को लेकर कई बड़े फैसले लिए हैं। नगर विकास एवं शहरी मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को बेहतर यातायात और सुविधाजनक शहर उपलब्ध कराना है।
15 हजार वैध पार्किंग स्थलों की हुई पहचान
कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में करीब 15 हजार वैध पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया गया है। इन सभी पार्किंग स्थलों के संचालन के लिए नए सिरे से टेंडर जारी किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्किंग संचालकों को पहचान पत्र और निर्धारित यूनिफॉर्म भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि व्यवस्था अधिक पारदर्शी और नियंत्रित रह सके।
पार्किंग के लिए आएगा नया मोबाइल ऐप
राज्य सरकार पार्किंग व्यवस्था को डिजिटल बनाने की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है। इसके लिए एक नया मोबाइल ऐप तैयार किया जा रहा है। इस ऐप के जरिए वाहन चालक ऑनलाइन पार्किंग शुल्क जमा कर सकेंगे। साथ ही उन्हें यह भी पता चल सकेगा कि किस पार्किंग स्थल पर कितनी जगह उपलब्ध है, जिससे अनावश्यक ट्रैफिक और समय की बर्बादी कम होगी।
1 सितंबर से अवैध पार्किंग पर लगेगा जुर्माना
सरकार ने साफ किया है कि 1 सितंबर से निर्धारित पार्किंग क्षेत्र के बाहर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू होगी। पुलिस की मदद से जुर्माना वसूला जाएगा। व्यावसायिक वाहनों के लिए जुर्माने की राशि निजी वाहनों की तुलना में अधिक रखने की योजना है, ताकि नियमों का सख्ती से पालन कराया जा सके।
राजस्व से बाहर चल रही पार्किंग पर भी सरकार की नजर
मंत्री ने बताया कि शहर में लगभग 4 हजार ऐसे पार्किंग स्थल हैं, जहां से सरकार को कोई राजस्व नहीं मिलता। इन स्थानों की भी पहचान कर ली गई है। जरूरत पड़ने पर यहां भी नई टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे पार्किंग व्यवस्था को पूरी तरह नियमित किया जा सके।
सड़क पर कूड़ा या थूकने पर भी होगी कार्रवाई
शहर की साफ-सफाई को बेहतर बनाने के लिए सरकार नया कदम उठाने जा रही है। 1 सितंबर से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने या थूकने वालों पर भी जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए पुलिस की मदद लेने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
रूबी और डालहौजी में बन सकते हैं नए फुट ओवरब्रिज
यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए रूबी और डालहौजी इलाके में दो नए फुट ओवरब्रिज बनाने की योजना पर काम चल रहा है। इससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और सड़क पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
न्यू टाउन-राजारहाट को जोड़ने के लिए नए ओवरब्रिज की तैयारी
सरकार शहर में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए एक और बड़े ओवरब्रिज की संभावना पर विचार कर रही है। प्रस्तावित पुल मां फ्लाईओवर के बाद कोलकाता को न्यू टाउन और राजारहाट से जोड़ने में अहम भूमिका निभा सकता है। इससे शहर के पूर्वी हिस्से में यातायात को नई राहत मिलने की उम्मीद है।