कोलकाता: न्यूटाउन के टेक्नोसिटी थाना क्षेत्र में सापूरजी आवासीय परिसर के पास NBCC बिल्डिंग के सामने एक लग्जरी BMW कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
देखते ही देखते धू-धूकर जलने लगी कार
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, रात करीब 10 बजे कार में अचानक आग दिखाई दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी BMW कार धू-धूकर जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल
घटना की सूचना मिलते ही टेक्नोसिटी थाने की पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।
आग लगने की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल BMW में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। आग की वास्तविक वजह जानने के लिए जांच की जा रही है।
कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
आग की घटना के चलते इलाके में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, अचानक लगी आग को देखकर स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल रहा।