कोलकाता: कोलकाता में एक ही दिन में मकान गिरने की दूसरी घटना सामने आई है। जोड़ाबागान के बाद अब बड़े बाजार के पोस्ता थाना क्षेत्र में दो मंजिला मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया। घटना 4 नंबर सिकदार पाड़ा लेन की है।
सीढ़ियों के सामने का हिस्सा टूटा
बताया जा रहा है कि मकान की सीढ़ियों के सामने का हिस्सा टूटकर गिर पड़ा। इसके कारण घर में मौजूद लोगों के बाहर निकलने का रास्ता प्रभावित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दूसरा एक्सेस प्वाइंट बनाकर रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने दूसरा एक्सेस प्वाइंट तैयार कर मकान में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
30 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
दमकल विभाग के सूत्रों के मुताबिक, करीब 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान के साथ मकान की स्थिति की भी जांच की जा रही है।
एक दिन में दो हादसों से बढ़ी चिंता
लगातार बारिश के बीच कोलकाता में एक ही दिन में मकान ढहने की दो घटनाओं ने पुराने और जर्जर भवनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और राहत-बचाव टीमों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।