कोलकाता: कोलकाता में आगामी 3 सितंबर 2026, गुरुवार को ‘राष्ट्रवादी सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन जादवपुर विश्वविद्यालय के त्रिगुणा सेन मंच पर दोपहर 2:30 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन हरिपाद् भारती स्मृति रक्षा समिति की ओर से किया जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘राष्ट्रवाद और आधुनिक भारत’ रखा गया है।
शमीक भट्टाचार्य करेंगे उद्घाटन
सम्मेलन का उद्घाटन माननीय श्री शमीक भट्टाचार्य करेंगे। वहीं, श्री राहुल सिन्हा मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे। सम्मेलन में राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय चेतना और आधुनिक भारत के संदर्भ में नागरिकों की जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
स्वप्न दासगुप्ता समेत कई हस्तियां होंगी शामिल
कार्यक्रम में स्वप्न दासगुप्ता, जिष्णु बसु और श्रीमती शशी अग्निहोत्री विशेष सम्माननीय अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। सम्मेलन की अध्यक्षता श्रीमती महुआ धर करेंगी। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई प्रमुख लोगों की भागीदारी होने की बात कही गई है।
कवि-साहित्यकारों से लेकर छात्र-युवा तक होंगे शामिल
आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कवि, साहित्यकार, शिक्षाविद्, पत्रकार, छात्र-युवा और बुद्धिजीवी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करना, भारतीय परंपरा के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना और देश के प्रति नागरिकों के दायित्व पर विचार-विमर्श करना है।
बिना आर्थिक सहायता के आयोजन का दावा
हरिपाद् भारती स्मृति रक्षा समिति की ओर से बताया गया है कि इस सम्मेलन के लिए किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं ली जाएगी। आयोजकों का कहना है कि सम्मेलन के जरिए राष्ट्रवाद और आधुनिक भारत से जुड़े विचारों को समाज के विभिन्न वर्गों के बीच चर्चा का विषय बनाया जाएगा।