कोलकाता: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक विभाग ने 3 से 9 अगस्त तक रोड सेफ्टी वीक मनाने की शुरुआत की है। पूरे सप्ताह शहर के विभिन्न इलाकों में वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में गुरुवार को श्यामबाजार ट्रैफिक प्वाइंट पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय और कोलकाता नॉर्थ ट्रैफिक डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर मौजूद रहे। यहां से सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
हेलमेट पहनने और नियमों का पालन करने की अपील
कार्यक्रम के दौरान कोलकाता पुलिस की ओर से स्कूली बच्चों और अन्य लोगों को हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही सभी से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ट्रैफिक नियमों का सम्मान करने की अपील की गई।
तापस रॉय बोले- जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री तापस रॉय ने कहा कि शहर में अब भी कई लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते। उन्होंने कहा कि बाइक सवार, कार चालक और पैदल यात्री—सभी को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार होना होगा। उनका कहना था कि ऐसी जागरूकता मुहिम सड़क हादसों को कम करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
'Safe Drive, Save Life' अभियान पर साधा निशाना
तापस रॉय ने पूर्व सरकार के 'Safe Drive, Save Life' अभियान पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह नारा सुनने में अच्छा था, लेकिन इसका प्रभाव सड़क सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित रूप से दिखाई नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में यह अभियान आम जनता तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पाया और मुख्य रूप से सरकारी तंत्र तक ही सीमित रहा।