कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित व्यस्ततम सियालदह रेलवे स्टेशन के बाहर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब परिसर में मौजूद फूड प्लाजा की दुकानों में अचानक आग लग गई। सप्ताह के पहले दिन स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच दुकानों से उठते काले धुएं को देखकर पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 3 से 4 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह फूड प्लाजा की कुछ दुकानों से अचानक तेज धुआं निकलता दिखाई दिया। दमकल अधिकारियों का अनुमान है कि आग संभवतः बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
धुएं से ढका स्टेशन परिसर, शीशे तोड़कर निकाला गया धुआँ
यद्यपि आग बहुत ज्यादा फैलने से पहले ही नियंत्रण में आ गई, लेकिन कुछ ही समय में पूरे फूड प्लाजा और आसपास के इलाके में घना धुआं भर गया। दृश्यता प्रभावित होने और घुटन की स्थिति पैदा होने के कारण कर्मचारियों और राहत बचाव दल ने फूड प्लाजा के कांच के खिड़की-दरवाजे तोड़कर धुएं को बाहर निकालने का प्रयास किया।
अग्निशमन प्रणाली पर उठे सवाल और स्थिति नियंत्रण में
सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय फूड प्लाजा में स्थापित इन-बिल्ट फायर फाइटिंग सिस्टम (अग्निशमन प्रणाली) के सही तरीके से काम न करने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल दमकल कर्मियों के प्रयासों से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। व्यस्त समय होने के कारण यात्रियों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन राहत की बात यह रही कि समय रहते बड़ी दुर्घटना टल गई।