कोलकाता:एलएंडटी फाइनेंस लिमिटेड (L&T Finance) ने पश्चिम बंगाल में अपने गोल्ड लोन कारोबार के विस्तार की योजना बनाई है। कंपनी राज्य में 26 नए गोल्ड लोन लोकेशन/शाखाएं शुरू करने जा रही है। इसका उद्देश्य खासकर टियर-2, टियर-3 और अर्ध-शहरी इलाकों में बढ़ती ऋण मांग को पूरा करना है।
इन जिलों में बढ़ेगा नेटवर्क
कंपनी के विस्तार में कोलकाता के आसपास के क्षेत्रों के अलावा उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, नदिया तथा बर्धमान जैसे इलाकों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र शामिल बताए गए हैं। नई शाखाओं से स्थानीय दुकानदारों, किसानों, छोटे कारोबारियों और परिवारों को सोने के बदले ऋण लेने के लिए नजदीकी विकल्प उपलब्ध होने की उम्मीद है।
डिजिटल प्रक्रिया से तेजी से मिलेगा गोल्ड लोन
कंपनी की डिजिटल-फर्स्ट रणनीति के तहत ग्राहकों को कम कागजी कार्रवाई के साथ तेजी से ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, पात्र ग्राहकों को करीब 10-15 मिनट में लोन स्वीकृति और बैंक खाते में राशि ट्रांसफर की सुविधा देने का लक्ष्य है। गोल्ड की वैल्यूएशन में पारदर्शिता, सुरक्षित लॉकर व्यवस्था और अलग-अलग repayment विकल्प भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
रोजगार और वित्तीय समावेशन पर जोर
एलएंडटी फाइनेंस का मानना है कि पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत में गोल्ड लोन तथा माइक्रो-लोन की मांग में बढ़ोतरी की संभावना है। 26 नए केंद्रों के विस्तार से सेल्स, ऑपरेशंस और गोल्ड वैल्यूएशन जैसे क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। कंपनी का यह कदम पश्चिम बंगाल के छोटे कारोबारियों और अर्ध-शहरी ग्राहकों तक औपचारिक वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।