कोलकाता: लक्स कोजी की प्रस्तावित फैक्ट्री के लिए 11.06 एकड़ जमीन को निर्माण के लिए कन्वर्ट कर दिया गया है। कंपनी के मुताबिक जमीन अब फैक्ट्री निर्माण के लिए पूरी तरह तैयार है।
वेयरहाउस के लिए 3.6 एकड़ जमीन
वेयरहाउस के लिए कुल 3.6 एकड़ जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें 1.5 एकड़ पीजी वेयरहाउस के नाम पर, 1.10 एकड़ लक्स के नाम पर और 0.33 एकड़ जमीन अशोक टोडी के नाम पर बताई गई है। कंपनी का कहना है कि जमीन से जुड़े सभी दस्तावेजों की शुरुआती स्तर पर जांच की जा चुकी है।
पर्यावरणीय मंजूरी को लेकर कोई दिक्कत नहीं
परियोजना के पर्यावरणीय पहलू पर भी कंपनी की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई है। बताया गया कि छोटे भूखंड पर वेयरहाउस के लिए प्रावधान मौजूद हैं और पर्यावरण की दृष्टि से कोई समस्या नहीं है। जमीन के स्वामित्व, वर्गीकरण और पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर भी कोई सवाल नहीं होने का दावा किया गया है।
अशोक टोडी बोले- नई सरकार के बाद बढ़ा काम
लक्स कोजी के चेयरमैन अशोक टोडी ने कहा कि बंगाल में नई सरकार आने के बाद काम में तेजी आई है और काम अच्छा चल रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी सरकार के साथ मिलकर आगे काम करेगी।
6 हजार करोड़ रुपये का पूरा निवेश प्लान
कुणाल घोष के बजट संबंधी सवाल पर कंपनी की ओर से बताया गया कि कुल 6 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्लान तैयार है। कंपनी के मुताबिक कहां कितना निवेश करना है और विदेश से कितनी मशीनें मंगानी हैं, इसकी पूरी योजना पहले से तैयार है।
कुणाल घोष को मानहानि का नोटिस
अशोक टोडी ने आरोप लगाया कि कुणाल घोष ने कई ऐसी बातें कही हैं, जिन्हें कंपनी असत्य मानती है। उनके मुताबिक कुणाल घोष को मानहानि का नोटिस दिया गया है। टोडी ने कहा कि कुणाल घोष वर्ष 2012 से 2015 के पुराने दस्तावेजों के आधार पर सवाल उठा रहे हैं।
2028 तक शुरू होगी फैक्ट्री
कंपनी के मुताबिक अगले 30 महीनों के भीतर यानी 2028 तक फैक्ट्री शुरू करने का लक्ष्य है। इस परियोजना के तहत करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से कारखाना तैयार किया जा रहा है।