डानकुनी, हुगली: डानकुनी में करीब 20 लाख वर्गफुट क्षेत्रफल में तैयार की जा रही ‘लक्स कोजी’ की दूसरी और नई उत्पादन इकाई का शनिवार को उद्घाटन किया गया। सिंगूर से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित इस नए प्लांट के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, उद्योग मंत्री तापस रॉय और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य मौजूद रहे।
निवेशकों के लिए जमीन अब नहीं बनेगी बाधा
उद्घाटन मंच से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से नई भूमि नीति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 2013 की केंद्रीय भूमि खरीद नीति को अपनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब सरकार सीधे जमीन खरीदेगी और जरूरत के अनुसार संबंधित कंपनियों व निवेशकों को उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि इस नीति के तहत पहले ही जमीन खरीदकर सीमा सुरक्षा बल (BSF) को दी जा चुकी है। इसके अलावा रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग और एयरपोर्ट जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भी इसी प्रक्रिया के तहत जमीन खरीदी जाएगी।
ग्रामीण इलाकों में चार गुना मुआवजे का प्रावधान
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि निजी उद्योगपतियों के लिए निवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जमीन को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। सरकार खुद जमीन खरीदकर उद्योग स्थापित करने के लिए उसे हस्तांतरित करेगी। उन्होंने बताया कि 2013 की केंद्रीय नीति के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन खरीदने पर चार गुना और शहरी क्षेत्रों में दो गुना मुआवजा देने का प्रावधान है।
सिंगूर-नंदीग्राम जैसी स्थिति से बचने का दावा
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नई भूमि नीति के जरिए भविष्य में जमीन अधिग्रहण को लेकर सिंगूर और नंदीग्राम जैसी परिस्थितियों से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।