कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मध्यग्राम के स्टार मॉल में फूड सेफ्टी विभाग की ओर से कई रेस्टोरेंट में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रखरखाव और रेस्टोरेंट के लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
कहीं लाइसेंस में खामी, कहीं खाद्य गुणवत्ता पर सवाल
जांच के दौरान कुछ रेस्टोरेंट में लाइसेंस से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं, जबकि कुछ जगहों पर खाने की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
फ्रिज में रखा कच्चा मांस खराब मिला
जांच के दौरान एक रेस्टोरेंट में दो से तीन दिनों से फ्रिज में रखा कच्चा मांस मिला। मांस पर फंगस लग चुका था और वह इस्तेमाल के लायक नहीं था। फूड सेफ्टी अधिकारियों की मौजूदगी में रेस्टोरेंट संचालकों को इस खराब मांस को फेंकना पड़ा।
नियम तोड़े तो लाइसेंस होगा सस्पेंड
फूड सेफ्टी विभाग ने साफ किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले रेस्टोरेंट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस को निलंबित करने से लेकर रद्द करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
फूड सेफ्टी विभाग का कहना है कि रेस्टोरेंट में तैयार होने वाला खाना सीधे आम लोगों तक पहुंचता है। ऐसे में खाद्य पदार्थों के सही रखरखाव और गुणवत्ता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। विभाग ने रेस्टोरेंट संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।