कृष्णनगर: तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने नदिया जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महुआ का दावा है कि कृष्णनगर सर्किट हाउस में कमरा आवंटित होने के बावजूद उन्हें देर रात कमरा खाली करने के लिए कहा गया। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से की है।
रात में आया कमरा खाली करने का फोन
महुआ मोइत्रा के मुताबिक, वह शुक्रवार शाम करीब 6:15 से 6:30 बजे के बीच सर्किट हाउस पहुंची थीं। उनका कहना है कि कमरा पहले से आवंटित था और उन्हें खाना भी परोसा गया। इसके बाद रात करीब 9:47 बजे प्रशासन की ओर से उन्हें फोन कर कमरा खाली करने को कहा गया। रात 10:52 बजे उन्हें लिखित संदेश भी भेजा गया।
बाहर भीड़ जुटने का दावा
महुआ ने आरोप लगाया कि जब उनसे रात में कमरा खाली करने को कहा गया, उसी दौरान सर्किट हाउस के बाहर भीड़ जमा हो गई और राजनीतिक नारे लगाए गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम से जुड़े वीडियो भी साझा किए और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
प्रशासन ने रखरखाव का दिया हवाला
महुआ द्वारा साझा किए गए कथित प्रशासनिक आदेश में कहा गया है कि नदिया सर्किट हाउस को 14 अगस्त की शाम से वार्षिक रखरखाव, मरम्मत और सफाई के लिए अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा। आदेश में 13 अगस्त से पहले की बुकिंग को छूट दिए जाने की बात भी कही गई है।
ओम बिरला से हस्तक्षेप की मांग
महुआ मोइत्रा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने इसे एक निर्वाचित महिला सांसद की सुरक्षा और गरिमा से जुड़ा मुद्दा बताया। फिलहाल नदिया जिला प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।