कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। महुआ मोइत्रा का कहना है कि स्विगी ने बिना किसी ठोस कारण के लगातार तीसरी बार उनका ऑर्डर कैंसिल कर दिया, जबकि उनसे पूरे ऑर्डर की रकम 1,457 रुपये कैंसिलेशन चार्ज के रूप में वसूल ली गई।
एक्स पर शेयर किया स्क्रीनशॉट
महुआ मोइत्रा ने एक्स पर स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा कि यह तीसरी बार है जब स्विगी ने बिना किसी उचित कारण के उनका ऑर्डर रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें न तो खाना मिला और न ही किसी तरह की ग्राहक सहायता उपलब्ध कराई गई। उन्होंने स्विगी के आधिकारिक हैंडल को टैग करते हुए इस पूरे मामले पर सवाल उठाए।
अर्सलान से मंगाया था खाना
महुआ मोइत्रा ने बताया कि उन्होंने कोलकाता के प्रसिद्ध रेस्टोरेंट अर्सलान से स्विगी के जरिए खाना ऑर्डर किया था। ऑर्डर कैंसिल होने और पूरी राशि कटने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी शिकायत साझा की, जिस पर बड़ी संख्या में लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
स्विगी ने दिया जवाब
मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के बाद स्विगी ने भी प्रतिक्रिया दी। कंपनी ने एक्स पर जवाब देते हुए लिखा कि वह इस असुविधा को समझती है और महुआ मोइत्रा से तुरंत संपर्क कर रही है। स्विगी ने कहा कि वह ऑर्डर कैंसलेशन और उससे जुड़े सभी शुल्कों की समीक्षा करेगी तथा बिना किसी देरी के उचित समाधान निकालने की दिशा में काम कर रही है। वहीं, महुआ मोइत्रा ने दोबारा स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद ऑर्डर कैंसिल नहीं किया था, बल्कि लंबे समय तक इंतजार करने के बाद कंपनी ने बिना किसी वजह के ऑर्डर रद्द कर दिया और ईमेल भेजकर पूरी राशि वसूलने की जानकारी दी।