तेज रफ्तार बस ने टोटो को मारी टक्कर
मालदह जिले के इंग्रेजबाजार थानांतर्गत लक्ष्मीपुर के धानतला मोड़ पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मालदह शहर की ओर से मोथाबाड़ी के पंचानंदपुर जा रही एक तेज रफ्तार निजी यात्री बस ने विपरीत दिशा से आ रहे ई-रिक्शा (टोटो) में सजोरे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अनियंत्रित बस सड़क किनारे एक मकान की दीवार से जाकर टकरा गई।
छात्र की मौके पर मौत, टोटो चालक की हालत नाजुक
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को मालदह मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 18 वर्षीय बिकी मंडल (Biki Mondal) को मृत घोषित कर दिया। बिकी मालदह शहर के विभूतिभूषण हाईस्कूल का 11वीं कक्षा का छात्र था। दुर्घटना में टोटो चालक कौशिक मंडल (20) और एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल और मृतक इंग्रेजबाजार के बागबाड़ी बाहन्नबीघा इलाके के निवासी हैं। टोटो चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने वाहनों को जब्त कर जांच की शुरू
घटना की सूचना मिलते ही इंग्रेजबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस व टोटो को अपने कब्जे में ले लिया। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण बस की तेज गति और चालक द्वारा नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।