कोलकाता: पश्चिम बंगाल की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, मीडिया की स्वतंत्रता और विपक्षी कार्यकर्ताओं पर कथित अत्याचारों को लेकर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने राज्य सरकार और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य में लोकतंत्र और प्रेस की आजादी पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।
मीडिया की स्वतंत्रता और भगवाकरण का आरोप
ममता बनर्जी ने राज्य में शिक्षा, संस्कृति और मीडिया की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में चूर सरकार मीडिया संस्थानों को निशाना बना रही है। आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जब सरकार को लगता है कि कोई उनके पक्ष में नहीं है, तो मीडिया दफ्तरों तक में भगवा रंग कराया जा रहा है और सरकारी कार्यक्रमों में भगवा कालीन बिछाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस राज्य में मीडिया स्वतंत्र नहीं है, वहां आम जनता के अधिकारों की रक्षा कैसे हो सकती है।
कैमैक स्ट्रीट और बारुईपुर घटना पर पुलिस को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कोलकाता के कैमैक स्ट्रीट और बारुईपुर में हुई हालिया घटनाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कैमैक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में घुसकर कंप्यूटर और महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए गए तथा पार्टी के चार कार्यकर्ताओं को अंदर बंद करके प्रताड़ित किया गया। बनर्जी ने कहा कि यह सब शेक्सपियर सरणी थाने की नाक के नीचे हुआ, लेकिन पुलिस पूरी तरह निष्क्रिय रही। वहीं बारुईपुर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को पुलिस फाड़ी के नाम पर वस्तुतः गृहबंदी बनाकर रखा गया है।
पक्षपाती पुलिस अधिकारियों को कड़ा संदेश
राज्य पुलिस की भूमिका की तीखी आलोचना करते हुए तृणमूल प्रमुख ने आरोप लगाया कि बिना किसी केस के निर्दोष लोगों को अवैध रूप से हिरासत में लिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों को सचेत करते हुए उन्होंने कहा कि उन सभी अधिकारियों के नाम डायरी में दर्ज किए जा रहे हैं जो पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिन हमेशा एक जैसे नहीं रहते और बीजेपी भी हमेशा सत्ता में नहीं रहेगी, इसलिए वक्त बदलने पर ऐसे अधिकारियों को जवाब देना पड़ेगा।
बीजेपी नेतृत्व और राजनीतिक घटनाक्रम पर निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के नेतृत्व पर बिना नाम लिए तंज कसते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि फोटोशूट नरेंद्र मोदी पर जंचता है, लेकिन यहां के जिम्मेदार व्यक्ति पर बिल्कुल नहीं। इसके साथ ही उन्होंने दल-बदल की राजनीति पर चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग आज दूसरों की पार्टी तोड़ रहे हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि एक दिन उनकी अपनी पार्टी भी टूटकर टुकड़ों में बिखर जाएगी।