कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बीजपुर इलाके में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफिले को विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले को घेर लिया और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। इस दौरान उनकी गाड़ी पर पत्थर, जूते और कीचड़ फेंके जाने की बात सामने आई है।
दिवंगत TMC कार्यकर्ता के परिवार से मिलने जा रही थीं ममता
जानकारी के मुताबिक, ममता बनर्जी एक दिवंगत TMC कार्यकर्ता के परिवार से मिलने के लिए बीजपुर पहुंची थीं। इसी दौरान इलाके में अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने काफिले को रोकने की कोशिश की और ममता बनर्जी की गाड़ी को निशाना बनाया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर ममता बनर्जी ने उठाए सवाल
घटना के बाद ममता बनर्जी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके दौरे की जानकारी पुलिस को पहले से दी गई थी, इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। ममता बनर्जी ने घटना को एक सोची-समझी साजिश करार दिया।
ममता बनर्जी का आरोप- ‘पूरे बंगाल में गुंडों का राज’
ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी कार पर पत्थर, जूते और कीचड़ फेंके गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को उनके आने की जानकारी पहले से थी, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। ममता बनर्जी ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे पश्चिम बंगाल में गुंडों का राज चल रहा है।
घटना के बाद गरमाई बंगाल की राजनीति
बीजपुर में ममता बनर्जी के काफिले के विरोध और कथित हमले के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। घटना को लेकर TMC और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक तौर पर क्या कार्रवाई की गई है, इसे लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।