कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को पदभार संभालने पर शुभकामनाएं दीं। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने उनके राजनीतिक अतीत का जिक्र करते हुए तृणमूल कांग्रेस के योगदान को भी याद दिलाया और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
'मुख्यमंत्री बने हैं, लेकिन TMC का योगदान नहीं भूल सकते'
ममता बनर्जी ने कहा, "जो आज मुख्यमंत्री बने हैं, उन्हें मेरी ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं। लेकिन आप मुख्यमंत्री बन गए हैं, इसका मतलब यह नहीं कि तृणमूल कांग्रेस के योगदान को नकार दिया जाए। आप भी कई बार चुनाव हारे हैं। उस समय मैं कई बार आपके विधानसभा क्षेत्र में गई थी। वह मेरा कर्तव्य था और उसके लिए मैं कोई श्रेय नहीं ले रही हूं।"
सुवेंदु के राजनीतिक सफर की दिलाई याद
तृणमूल प्रमुख ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी करीब 10-11 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस के विधायक और मंत्री रहे। उन्होंने परिवहन, सिंचाई समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली और कई जिलों के प्रभारी भी रहे। ममता ने कहा कि वह उनके पूरे राजनीतिक सफर से अच्छी तरह परिचित हैं।
भाजपा और दल बदलने वालों पर साधा निशाना
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि जो नेता वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस में रहकर सत्ता और सुविधाओं का लाभ उठाते रहे, वे आज भाजपा के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, जिन्होंने केवल संघर्ष किया और कभी सत्ता का लाभ नहीं लिया, उनके खिलाफ अब "राज्य प्रायोजित आतंक" चलाया जा रहा है।
'संघर्ष ही मेरा जीवन, आखिरी सांस तक लड़ूंगी'
अपने राजनीतिक संकल्प को दोहराते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "संघर्ष ही मेरा जीवन है। मेरा जन्म ही संघर्ष के बीच हुआ है और जब तक जिंदा रहूंगी, लड़ाई लड़ती रहूंगी।"
मौत की कामना करने वालों को दिया जवाब
ममता ने दावा किया कि कुछ लोग उनकी मौत की कामना कर रहे हैं और फोन करके पूछते हैं कि वह और कितने दिन जिंदा रहेंगी। इस पर उन्होंने कहा, "मैं अभी भी हूं और लंबे समय तक रहूंगी। मेरे बाद भी अगली पीढ़ी इस लड़ाई को आगे बढ़ाएगी।"
'हम टूटते नहीं, फिर से खड़े होते हैं'
वीडियो संदेश के अंत में ममता बनर्जी ने कहा कि कुछ लोग परिस्थितियों के सामने झुक जाते हैं, लेकिन कुछ लोग पार्टी का झंडा थामकर संघर्ष जारी रखते हैं। उन्होंने कहा, "हम टूटते नहीं, बल्कि हर बार फिर से खड़े होते हैं। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।"
राजनीतिक संदेश भी दिया स्पष्ट
अपने पूरे संबोधन में ममता बनर्जी ने एक ओर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को औपचारिक शुभकामनाएं दीं, तो दूसरी ओर भाजपा सरकार और दल बदलने वाले नेताओं के खिलाफ अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखने का स्पष्ट संदेश भी दिया। उन्होंने संकेत दिया कि सत्ता से बाहर होने के बावजूद उनका राजनीतिक संघर्ष पहले की तरह जारी रहेगा।