कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य को शुक्रवार सुबह पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, पिछले करीब दो सप्ताह से उनके पेट में दर्द की समस्या बनी हुई थी, जो धीरे-धीरे बढ़ रही थी। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया।
आज हुई कोलोनोस्कोपी और Echo
अस्पताल में भर्ती होने के बाद मीरा भट्टाचार्य की आज सुबह कोलोनोस्कोपी और इकोकार्डियोग्राफी (Echo) की गई। इसके साथ ही डॉक्टरों ने रूटीन ब्लड टेस्ट कराने की भी योजना बनाई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे के इलाज को लेकर फैसला लिया जाएगा।
गुरुवार को हुआ था CT स्कैन
जानकारी के अनुसार, मीरा भट्टाचार्य का गुरुवार को CT स्कैन भी किया गया था। पिछले दो सप्ताह से लगातार बढ़ रहे पेट दर्द की वजह का पता लगाने के लिए डॉक्टर अलग-अलग जांच कर रहे हैं।
फिलहाल हालत स्थिर
अस्पताल के मुताबिक, मीरा भट्टाचार्य की वर्तमान स्थिति स्थिर है। वह फिलहाल रूम एयर पर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।