कोलकाता: लियोनेल मेसी के युवा भारती दौरे के दौरान हुई कथित अफरा-तफरी और टिकट घोटाले के मामले में राज्य के पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास को एक बार फिर पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है। उन्हें मंगलवार, 7 जुलाई सुबह 10 बजे तक बिधाननगर साउथ पुलिस स्टेशन में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। इससे पहले कई नोटिस मिलने के बावजूद वह पुलिस के सामने पेश होने से बचते रहे थे।
हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत
अरूप विश्वास ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया था, लेकिन अदालत से उन्हें कोई राहत नहीं मिली। कोर्ट ने उन्हें निर्धारित समय पर पुलिस जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था। अदालत के आदेश के बाद वह पिछले महीने 18 जून को बिधाननगर साउथ पुलिस स्टेशन पहुंचे थे, जहां उनसे लंबी पूछताछ की गई थी।
पहले भी कई बार भेजे गए नोटिस
पूर्व खेल मंत्री को पहला नोटिस 4 जून को भेजा गया था, जिसे उन्होंने बीमारी का हवाला देकर टाल दिया। इसके बाद 8 जून को दूसरा नोटिस जारी हुआ, लेकिन वह तब भी उपस्थित नहीं हुए। हाई कोर्ट से अंतरिम राहत मिलने के बाद पुलिस ने 13 जून को तीसरी बार नोटिस भेजा था। अब एक बार फिर उन्हें जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है।
लिखित शिकायत के बाद तेज हुई जांच
यह मामला पिछले साल 13 दिसंबर को तब चर्चा में आया था, जब प्रसिद्ध स्पोर्ट्स प्रमोटर और इवेंट ऑर्गेनाइजर सताद्रु दत्ता को युवा भारती में आयोजित मेसी के कार्यक्रम के दौरान कथित अव्यवस्था और अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई। इसके बाद उन्होंने अरूप विश्वास के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
टिकट ब्लैक मार्केटिंग और वित्तीय गड़बड़ी के आरोप
शिकायत में पूर्व मंत्री पर टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग, वित्तीय धोखाधड़ी और पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवा भारती के टिकट ब्लैक मार्केट में किस कीमत पर बेचे गए और इस कथित लेनदेन से जुड़ी बड़ी रकम किन बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। इसी सिलसिले में अरूप विश्वास से दोबारा पूछताछ की जाएगी।