कोलकाता: कोलकाता पुलिस की गुंडादमन शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य कोलकाता के कुख्यात अपराधी मिनी फिरोज उर्फ मोहम्मद फिरोज खान को उसके शागिर्द मोहम्मद साजिद के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों को रविवार तड़के डानकुनी टोल प्लाजा से दबोचा गया।
37 आपराधिक मामलों में आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मिनी फिरोज के खिलाफ कुल 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर फायरिंग, अवैध हथियार रखने, रंगदारी वसूली और इलाके में दहशत फैलाने जैसे कई गंभीर आरोप हैं। लंबे समय से वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
गुलशन कॉलोनी में लंबे समय से सक्रिय था गिरोह
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मिनी फिरोज पिछले करीब दस वर्षों से मध्य कोलकाता की गुलशन कॉलोनी में अपने गिरोह के जरिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उसके नेटवर्क को लेकर पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी।
पहले भी हो चुकी थी गिरफ्तारी
पिछले वर्ष इलाके में हुई फायरिंग की घटना के बाद मिनी फिरोज के खिलाफ हथियार अधिनियम समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। उस समय उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया था।
फरार साथियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि जमानत मिलने के बाद भी मिनी फिरोज की गतिविधियां बंद नहीं हुईं। वह अपने शागिर्दों और अन्य साथियों के साथ सक्रिय रहा। अब पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।