कोलकाता: देश के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लबों में शामिल मोहन बागान एथलेटिक क्लब ने प्रस्तावित ईडन गार्डन्स मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर "मोहन बागान मेट्रो स्टेशन" किए जाने की मांग को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के परिवहन विभाग से औपचारिक पहल करने का अनुरोध किया है। क्लब के अध्यक्ष देबाशीष दत्ता ने इस संबंध में परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह को पत्र भेजकर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू करने की अपील की है।
मेट्रो रेलवे ने बताई नामकरण की प्रक्रिया
मोहन बागान एथलेटिक क्लब ने पहले इस मांग को लेकर भारत सरकार के रेल मंत्री से संपर्क किया था। इसके बाद मेट्रो रेलवे, कोलकाता के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक कार्यालय से क्लब को भेजे गए पत्र में बताया गया कि नए मेट्रो स्टेशन के नामकरण का प्रस्ताव पश्चिम बंगाल सरकार के परिवहन विभाग द्वारा शुरू किया जाना आवश्यक है। पत्र के अनुसार, परिवहन मंत्री की मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव राज्य मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद इसे आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित प्राधिकरणों को भेजा जाएगा।
1911 की ऐतिहासिक विरासत का दिया हवाला
अपने पत्र में मोहन बागान एथलेटिक क्लब ने कहा है कि वर्ष 1889 में स्थापित यह क्लब एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लबों में से एक है। वर्ष 1911 के आईएफए शील्ड में क्लब की ऐतिहासिक जीत भारतीय खेल इतिहास का गौरवशाली अध्याय रही है, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक बनकर पूरे देश को प्रेरित किया।
'मोहन बागान' नाम से मिलेगी ऐतिहासिक पहचान
क्लब का कहना है कि वर्षों से ईडन गार्डन्स और मैदान क्षेत्र को लोग मोहन बागान के ऐतिहासिक घरेलू मैदान के रूप में पहचानते हैं। ऐसे में स्टेशन का नाम "मोहन बागान मेट्रो स्टेशन" रखने से न केवल क्लब की विरासत को सम्मान मिलेगा, बल्कि यात्रियों, फुटबॉल प्रेमियों और पर्यटकों को भी इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान करने में आसानी होगी।
कोलकाता की फुटबॉल पहचान को मिलेगा बढ़ावा
पत्र में यह भी कहा गया है कि स्टेशन का नाम बदलने से कोलकाता की भारत की फुटबॉल राजधानी के रूप में पहचान और मजबूत होगी। क्लब ने इसे भारतीय खेल संस्कृति और फुटबॉल इतिहास को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
सरकार से जल्द निर्णय की अपील
मोहन बागान एथलेटिक क्लब ने परिवहन मंत्री से अनुरोध किया है कि मेट्रो रेलवे द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाए, ताकि प्रस्तावित ईडन गार्डन्स मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर "मोहन बागान मेट्रो स्टेशन" किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके। क्लब ने इस मामले में राज्य सरकार के सहयोग की भी अपेक्षा जताई है।