मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज में पुलिस ने गुरुवार को दो संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। दोनों की पहचान आनारुल शेख और मोहम्मद रुबेल शेख के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों बांग्लादेश के चांपाइनवाबगंज इलाके के रहने वाले हैं।
संदिग्ध हालत में घूमते मिले थे दोनों
पुलिस के अनुसार, कृष्णशाइल मोड़ इलाके में पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों संदिग्ध अवस्था में घूमते नजर आए थे। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान को लेकर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की गई।
जांच में बांग्लादेशी नागरिक होने का दावा
पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के बांग्लादेशी नागरिक होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों भारत में किस मकसद से आए थे और सीमा पार कर वे मुर्शिदाबाद तक कैसे पहुंचे।
जंगीपुर कोर्ट ले जाते समय अचानक कूदे
शुक्रवार को दोनों आरोपियों को जंगीपुर अदालत में पेश करने के लिए पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान दोनों ने कथित तौर पर पुलिस गाड़ी से छलांग लगा दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
फरार आरोपियों की तलाश तेज
दोनों के फरार होने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस की टीमें उनकी संभावित ठिकानों पर भी नजर रख रही हैं। साथ ही दोनों के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
भारत आने के मकसद की भी होगी जांच
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों किस उद्देश्य से भारत आए थे। इसके अलावा सीमा पार कराने में किसी व्यक्ति या गिरोह की भूमिका थी या नहीं, इस एंगल से भी जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों की तलाश जारी है।