कोलकाता: राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के कार्यान्वयन को लेकर शुक्रवार को बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में अहम बैठक हुई। बैठक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, पार्टी के महासचिव और उपाध्यक्षों के साथ राज्य सरकार के स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन और उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय भी मौजूद रहे।
NEP लागू करने के लिए पहले ही बनी टास्क फोर्स
राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने की दिशा में पहले ही राज्य स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया जा चुका है। इसी को लेकर बैठक में सरकार और पार्टी के बीच बेहतर तालमेल बनाने के साथ-साथ NEP के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
NEP को लेकर भ्रम दूर करने पर फोकस
सूत्रों के मुताबिक, पिछली सरकार के कार्यकाल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर छात्रों और आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई थी। अब इस धारणा को दूर करने और NEP के फायदे लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
शिक्षक सेल और युवा मोर्चा संभालेंगे जागरूकता अभियान
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सकारात्मक पहलुओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए बीजेपी के शिक्षक सेल के साथ युवा मोर्चा से जुड़े छात्रों को भी अभियान में शामिल करने की योजना है। स्थानीय स्तर पर छात्रों, शिक्षकों और आम लोगों के बीच NEP को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
पार्टी और सरकार के बीच समन्वय पर जोर
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि पार्टी और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाकर राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कार्यान्वयन को किस तरह आगे बढ़ाया जाए। सरकार की ओर से गठित टास्क फोर्स और पार्टी के संगठनात्मक ढांचे के बीच तालमेल को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।