कोलकाता: महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर विवादित टिप्पणियों को लेकर पश्चिम बंगाल में जारी राजनीतिक घमासान के बीच मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिया है कि नेताजी का अपमान करने और उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों पर बिना किसी रियायत के कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें गिरफ्तार भी किया जाए। मुख्यमंत्री के इस कड़े रुख के बाद बीजेपी के राज्यसभा सांसद अनंत महाराज (नागेन रॉय) के खिलाफ संभावित कार्रवाई को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
दिनहाटा में दिए गए बयान से भड़का था विवाद
हाल ही में कोचबिहार जिले के दिनहाटा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के राज्यसभा सांसद अनंत महाराज ने नेताजी और आजाद हिंद फौज को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने दावा किया था कि कोचबिहार के महाराजा ने युद्ध कर आजाद हिंद फौज का अंत किया था और नेताजी के पास आजाद हिंद फौज बनाने की क्षमता नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा था कि आजाद हिंद फौज ब्रिटिश सैनिकों से बनी थी जिन्हें जर्मनी ने पकड़ा था और बाद में नेताजी को सौंप दिया था। इस बयान के सामने आने के बाद पूरे राज्य में भारी विरोध शुरू हो गया और कई थानों में सांसद के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई गईं।
कानून सबके लिए बराबर: मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी
पत्रकार वार्ता के दौरान जब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से सांसद अनंत महाराज पर कार्रवाई को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान रूप से लागू होता है। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि चाहे वह सांसद हो, विधायक हो या कोई आम नागरिक, नेताजी का अपमान करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस को स्वतंत्र रूप से भारतीय न्याय संहिता (BNS) और साइबर कानूनों के तहत निष्पक्ष कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है।
'मैंने कोई झूठ या मनगढ़ंत बात नहीं कही': अनंत महाराज
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों और गिरफ्तारी की अटकलों के बीच अनंत महाराज ने अपने रुख में थोड़ी नरमी दिखाते हुए कहा कि उन्होंने किसी को अपशब्द नहीं कहे और न ही किसी को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री ने क्या कहा, यह उनका विषय है। मैंने कोई मनगढ़ंत या झूठी बात नहीं कही है, जो इतिहास में दर्ज है वही कहा है। मेरी मुख्यमंत्री से इस विषय पर कोई बात नहीं हुई है।" फिलहाल पुलिस दर्ज शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।