फरक्का: न्यू फरक्का के पास रेल लाइन धंसने से पिछले दो दिनों से प्रभावित उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के बीच रेल संपर्क अब धीरे-धीरे सामान्य होने की ओर है। क्षतिग्रस्त हिस्से में नया ट्रैक बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है और फिलहाल ट्रैक बैलेंसिंग का काम चल रहा है। लगातार बारिश के कारण न्यू फरक्का के पास रेल ट्रैक के नीचे मिट्टी धंसने से सेवाएं प्रभावित हुई थीं।
दिन-रात चला मरम्मत का काम
पूर्व रेलवे के CPRO शिवराम माझी के मुताबिक, महाप्रबंधक के नेतृत्व में इंजीनियरों और रेलवे कर्मचारियों की टीम ने लगातार दो दिनों तक युद्धस्तर पर काम किया। दो रातों तक लगातार काम कर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के साथ नया ट्रैक बिछाया गया।
आज से बहाली की तैयारी
रेलवे के अनुसार, हावड़ा से शताब्दी एक्सप्रेस दोपहर 2:25 बजे निर्धारित समय पर रवाना होगी। संबंधित लाइन का फिट सर्टिफिकेट शाम करीब 4 बजे जारी किए जाने की उम्मीद है। वहीं SMVT बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस शाम करीब 3:30 बजे नए ट्रैक से गुजरने वाली पहली यात्री ट्रेन होगी।
ट्रेन की रफ्तार रहेगी सामान्य
नए ट्रैक वाले हिस्से पर ट्रेनों को सामान्य गति से चलाया जाएगा। हालांकि, नए ट्रैक से करीब 100 मीटर पहले ट्रेन को लगभग दो मिनट रुकना होगा। सिग्नल मिलने के बाद ट्रेन सामान्य गति से आगे बढ़ सकेगी।
48 घंटे में पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद
रेलवे का कहना है कि अप लाइन की सेवा शनिवार से बहाल करने की कोशिश की जा रही है, जबकि डाउन लाइन को भी जल्द सामान्य किया जाएगा। उम्मीद है कि अगले 48 घंटे में दोनों दिशाओं की रेल सेवा पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
बाकी ट्रैक की भी जांच
किसी और हादसे या नुकसान की आशंका को देखते हुए रेलवे ने आसपास के अन्य ट्रैक की भी बारीकी से जांच शुरू कर दी है। रेलवे की प्राथमिकता फिलहाल सुरक्षित तरीके से यातायात बहाल करना है।
रद्द ट्रेनों के यात्रियों को रिफंड
रेल सेवा बाधित होने के कारण जिन ट्रेनों को रद्द किया गया था, उनके यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा वापस किया जाएगा। पिछले दो दिनों में कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रद्द या डायवर्ट की गई थीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।