न्यू फरक्का/मालदा: पश्चिम बंगाल में मालदा डिवीजन के अंतर्गत न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार तड़के मरम्मत कार्य के दौरान रेल पटरी के नीचे फिर से मिट्टी धंसने (लैंड सब्सिडेंस) की घटना सामने आई है। इस ताज़ा हादसे के कारण तिल्डांगा-न्यू फरक्का सेक्शन के अप लाइन पर देर रात 1:20 बजे से ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। अचानक पटरी धंसने और ओवरहेड इलेक्ट्रिकल पोल झुक जाने की वजह से उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर भारत को दक्षिण बंगाल से जोड़ने वाला रेल नेटवर्क काफी प्रभावित हुआ है।
दूसरे दिन भी नई जगह धंसी मिट्टी, ओएचई पोल भी मुड़े
गुरुवार तड़के फर्क़ा बैराज के प्रवेश द्वार पर करीब 20 फीट तक रेल लाइन धंसने के बाद रेलवे की ओर से युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया गया था। हालांकि, लगातार जारी बारिश और मिट्टी के ढीले पड़ने की वजह से मरम्मत के दौरान ही दोबारा नई जगह पर जमीन धंस गई। इसके प्रभाव से रेल पटरियों के साथ-साथ ओवरहेड बिजली के खंभे (OHE Poles) भी झुक गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति और सुरक्षा कारणों से अप लाइन पर परिचालन पूरी तरह ठप करना पड़ा। हालांकि डाउन लाइन पर परिचालन चालू है।
वंदे भारत, शताब्दी और दार्जिलिंग मेल समेत कई ट्रेनें रद्द व डायवर्ट
रेलवे प्रशासन की ओर से जारी बयान के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को भी कई प्रमुख ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। रद्द की गई ट्रेनों में हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी शताब्दी एक्सप्रेस, कोलकाता-बालुरघाट तेभागा एक्सप्रेस, हावड़ा-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस, सियालदह-न्यू अलीपुरद्वार तीस्ता-तोर्सा एक्सप्रेस और मालदा टाउन-अजीमगंज पैसेंजर शामिल हैं। इसके अलावा वंदे भारत एक्सप्रेस, दार्जिलिंग मेल, पदातिक एक्सप्रेस, कंचनकन्या एक्सप्रेस, गौर एक्सप्रेस, जोगबनी एक्सप्रेस और कामाख्या एक्सप्रेस को वैकल्पिक मार्गों (न्यू फरक्का-अजीमगंज-कटिहार और किऊल-मोकामा-कटिहार रूट) से डायवर्ट कर चलाया जा रहा है।
निजी बसों का किराया दोगुना, हवाई टिकट भी आसमान पर
ट्रेनों के अचानक रद्द होने और मार्ग बदलने के कारण उत्तर बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे सेवा ठप होने का फायदा उठाकर निजी बस संचालकों ने किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी है। यात्रियों को मजबूरी में दोगुना किराया देकर बस टिकट खरीदना पड़ रहा है। इसके अलावा हवाई जहाजों के किरायों में भी भारी उछाल देखने को मिल रहा है, जिससे आम यात्रियों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है।
रेलवे की गश्ती टीम की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
इससे पहले गुरुवार सुबह गश्त पर तैनात रेलवे गैंगमेन ने सबसे पहले लाइन के धंसने और मुड़ने को भांप लिया था और तत्काल लाल झंडी दिखाकर आने वाली ट्रेन को रुकवा दिया था। मालदा कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना दिए जाने से एक बड़ा रेल हादसा टल गया था। फिलहाल रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीमें न्यू फरक्का क्षेत्र में मौजूद हैं और पटरियों की मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है।