कोलकाता: न्यू टाउन के स्वामीजीनगर इलाके में बोरे में बंद एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर कई टैटू बने हुए हैं और जगह-जगह चोट के निशान भी मिले हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या दो-तीन दिन पहले की गई होगी।
CCTV में शव ले जाता दिखा युवक
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में एक युवक कंधे पर बोरे में बंद शव लेकर आता दिखाई दे रहा है। वह खड़ी बाइक के पीछे शव को छोड़ने के बाद उसके ऊपर बोरा रखता है और फिर ईंट रखकर मौके से चला जाता है।
तीन दिन से लापता था मृतक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृत युवक पिछले तीन दिनों से लापता था। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि रात करीब 4:20 बजे एक युवक वहां बोरे में बंद शव छोड़कर गया था। कुछ देर तक मौके पर रुकने के बाद वह वहां से फरार हो गया। इलाके में रोशनी कम होने के कारण CCTV फुटेज में उसका चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है।
सुबह स्थानीय लोगों ने देखा शव
सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों की नजर बोरे पर पड़ी। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया और विधाननगर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में शव करीब तीन से चार दिन पुराना होने की बात कही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही मृतक की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए भी जांच जारी है।