कोलकाता/न्यूटाउन: पश्चिम बंगाल के न्यूटाउन स्थित चंडीबेरिया इलाके के एक किराए के फ्लैट से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रविवार देर रात पुलिस ने 25 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तृषा साहा का संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता हुआ शव बरामद किया। इसी फ्लैट से उनके लिव-इन पार्टनर सौभिक रॉय को भी कलाई की नसें कटी हुई और अत्यधिक खून से लथपथ गंभीर हालत में पाया गया।पुलिस ने सौभिक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। न्यूटाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फ्लैट को सील कर दिया गया है।
4 महीने पहले ही किराए पर लिया था फ्लैट
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उत्तर 24 परगना के बैरकपुर की रहने वाली तृषा साहा (25) और नैहाटी के रहने वाले सौभिक रॉय पिछले करीब चार महीनों से चंडीबेरिया के एक कॉम्प्लेक्स में किराए पर फ्लैट लेकर साथ रह रहे थे।फ्लैट के मकान मालिक और पड़ोसियों का कहना है कि दोनों का व्यवहार काफी अच्छा था और वे दोनों कामकाजी थे। कभी दोनों के बीच कोई झगड़ा या विवाद सुनने को नहीं मिला, इसलिए इस घटना से इलाके के लोग स्तब्ध हैं।

हत्या के बाद आत्महत्या का प्रयास? पुलिस का संदेह
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि व्यक्तिगत संबंधों में कड़वाहट या आपसी विवाद के चलते यह घटना हुई हो सकती है।नाम न छापने की शर्त पर एक पुलिस अधिकारी ने बताया:"हम इस पहलू की जांच कर रहे हैं कि क्या तृषा के साथ मारपीट कर उसे फांसी के फंदे पर लटकाया गया और उसके बाद सौभिक ने आत्महत्या का प्रयास किया। मृतका के पैरों पर खून के निशान मिले हैं, जिससे लगता है कि नस काटने के बाद घायल अवस्था में सौभिक ने शव को गले लगाने की कोशिश की होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।"
फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी, अस्पताल में भर्ती पार्टनर के बयान का इंतजार
न्यूटाउन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना स्थल से कई संदिग्ध सामान और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सौभिक रॉय की स्थिति में सुधार होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी, जिससे घटना की परतें खुल सकती हैं। फिलहाल पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर सभी दिशाओं से जांच जारी रखी है।