कोलकाता: BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को अपने बंगाल दौरे के तहत कोलकाता पहुंचे। सुबह करीब 10 बजे वह कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे, जहां प्रदेश BJP के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।
एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
नितिन नवीन के स्वागत के लिए एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में BJP कार्यकर्ता और समर्थक भी जुटे। कार्यकर्ताओं ने जयघोष के साथ उनका स्वागत किया और भगवा अंगवस्त्र पहनाकर अभिनंदन किया। एयरपोर्ट परिसर के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
न्यूटाउन में सुनेंगे पीएम मोदी का 'मन की बात'
नितिन नवीन सुबह करीब 11 बजे न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। वहां सुबह 11:30 बजे तक पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुनेंगे।
प्रदेश BJP नेताओं के साथ होगी अहम बैठक
सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक पहली संगठनात्मक बैठक होगी। इसमें प्रदेश BJP के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के संयोजक, मोर्चा अध्यक्ष, सांसद, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। इसके अलावा IT, मीडिया और सोशल मीडिया विभाग के प्रतिनिधियों के साथ प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता और अन्य प्रमुख संगठनात्मक पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
सांसद-विधायकों के साथ अलग बैठक
दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक नितिन नवीन BJP के सांसदों और विधायकों के साथ अलग बैठक करेंगे। बैठक में राज्य की राजनीतिक स्थिति और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
केंद्रीय और राज्य मंत्रियों से करेंगे मुलाकात
शाम 4:30 बजे से 6 बजे तक केंद्रीय और राज्य स्तर के मंत्रियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इस दौरान सरकार और संगठन के बीच समन्वय समेत कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
शाम को होगी 'स्टेट कोर ग्रुप' की बैठक
शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक पश्चिम बंगाल BJP के 'स्टेट कोर ग्रुप' की बैठक होगी। इसमें राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन की गतिविधियों और आने वाले दिनों के कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जा सकती है।
विशिष्ट लोगों से भी करेंगे मुलाकात
रात 8 बजे से 9 बजे तक नितिन नवीन राज्य के विशिष्ट व्यक्तियों और गणमान्य लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान सौजन्य मुलाकात के साथ विभिन्न मुद्दों पर बातचीत भी प्रस्तावित है।
एक दिन के दौरे में कई अहम बैठकें
नितिन नवीन के एक दिवसीय बंगाल दौरे को लेकर प्रदेश BJP में काफी सक्रियता है। उनके पूरे दिन के कार्यक्रम में संगठन से जुड़े नेताओं, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और कोर ग्रुप के साथ लगातार बैठकें निर्धारित हैं। एयरपोर्ट से लेकर न्यूटाउन तक उनके स्वागत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।