उत्तर 24 परगना: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के नोआपाड़ा में पूर्व विधायक के निजी सहायक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान शेखर चौधरी उर्फ बंटी के रूप में हुई है। आरोप है कि घर के पास सार्वजनिक जगह पर कुछ युवकों को शराब पीने से रोकने के बाद उनके साथ मारपीट की गई। हमले में गंभीर रूप से घायल शेखर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
शराब पीने से रोकने पर विवाद, फिर मारपीट
जानकारी के मुताबिक, शेखर चौधरी अपने घर के आसपास कुछ युवकों को शराब पीते देखकर इसका विरोध करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने शेखर के साथ मारपीट की और ईंट से उनके सिर और चेहरे पर वार किया। हमले के बाद शेखर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बैरकपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान रविवार देर रात उनकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज से पुलिस को मिली अहम जानकारी
घटना की जांच में पुलिस को आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग मिली है। फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकी चौधरी, अमान चौधरी और पिंटू चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमले के पीछे सिर्फ शराब पीने को लेकर हुआ विवाद था या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में और कितने लोग शामिल थे।
इलाके में नशीले पदार्थों की बिक्री का भी आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं।पुलिस फिलहाल हत्या के इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।