कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीजेपी की ओर से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से वडनगर और वाराणसी को जोड़ते हुए सेवा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक चलेगा।
कोलकाता से भी युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी
पश्चिम बंगाल भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य भी इस अभियान से जुड़ते हुए कोलकाता से बाइक यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, इस यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से युवाओं को जोड़ना है।
वडनगर से वाराणसी तक यात्रा
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के तहत वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर की दिशा में यात्राएं प्रस्तावित हैं। वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी उनका लोकसभा क्षेत्र रहा है। करीब 1,000 युवा सेवा यात्री इस पहल में शामिल होने वाले हैं।
युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास
बीजेपी युवा मोर्चा के अनुसार, यह पहल सिर्फ बाइक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्रनिर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। पार्टी की ओर से इसे प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से प्रेरणा लेकर युवाओं को सामाजिक कार्यों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने की पहल बताया गया है।
17 सितंबर से शुरू होगा अभियान
भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाला है। इस दौरान रक्तदान, स्वच्छता अभियान, जनकल्याण योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम, प्रदर्शनियां और अन्य जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जानी हैं।