कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में महीनेभर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारी शुरू कर दी है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत राज्य में कुल 13 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के जरिए सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों के साथ केंद्र सरकार के विकास कार्यों को भी जनता के सामने रखा जाएगा।
17 सितंबर से शुरू होगा अभियान
आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इसी मौके पर देशभर में बीजेपी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल में भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक कई सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसे लेकर राज्य स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
2014 से 2026 तक के बदलावों पर फोकस
वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि यह अभियान केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के जश्न तक सीमित नहीं रहेगा। इसके जरिए 2014 से 2026 तक भारत में हुए आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी बदलावों को लोगों के सामने रखा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2014 के भारत और मौजूदा भारत की तुलना करने पर विकास के क्षेत्र में बड़ा अंतर दिखाई देता है।
l
देश के विकास को जनता तक पहुंचाने की तैयारी
स्वपन दासगुप्ता के मुताबिक, पिछले वर्षों में रेलवे टिकट बुकिंग, टैक्स व्यवस्था और आम लोगों को मिलने वाली सरकारी सेवाओं में कई बदलाव हुए हैं। उन्होंने इन बदलावों के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को अहम बताया। बीजेपी का दावा है कि भारत आज दुनिया की प्रमुख और आर्थिक रूप से मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना चुका है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से लेकर स्टार्टअप तक पर जोर
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के अलावा अल्पना प्रतियोगिता, ‘सेवा संबंध यात्रा’ और ‘इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्टार्टअप और तकनीकी क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को भी अभियान के दौरान सामने लाया जाएगा।
केक कटिंग और मिठाई वितरण भी होगा
अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर केक काटने और मिठाई वितरण समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बीजेपी की ओर से इसे प्रधानमंत्री के जन्मदिन समारोह से आगे बढ़कर सेवा और सामाजिक सहभागिता से जुड़े अभियान के रूप में पेश किया जा रहा है।
‘विकसित भारत यात्रा’ के जरिए विकास का संदेश
‘विकसित भारत यात्रा’ के माध्यम से 2014 से 2026 के बीच भारत में हुए विकास और बदलाव की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की योजना है। आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी क्षेत्रों में हुए बदलावों को अभियान के जरिए जनता के सामने रखा जाएगा।