कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार के प्रमुख के तौर पर अपने ऐतिहासिक 25 साल (रजत जयंती) पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक मील के पत्थर और उनकी लंबी प्रशासनिक यात्रा के उपलक्ष्य में देशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर राज्यस्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का विधिवत शुभारंभ किया।
"स्वयं को प्रधान सेवक मानते हैं मोदी जी"
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “वे (नरेंद्र मोदी) खुद को कभी प्रधानमंत्री नहीं कहते, बल्कि ‘प्रधान सेवक’ कहते हैं। सिर्फ कहते ही नहीं हैं, बल्कि उसी भावना से काम भी करते हैं। मोदी जी हम सभी के लिए एक बहुत बड़े प्रेरणा स्रोत हैं।” नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जाइंट स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन प्रसारित किया गया, जिसे राज्यभर से आए लोगों ने सुना।
वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस राज्यस्तरीय समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के लगभग सभी कैबिनेट मंत्री, राज्य भाजपा के वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताजी इंडोर स्टेडियम में विशाल जनसमूह के बीच प्रधानमंत्री के प्रशासनिक कौशल और 25 वर्षों के बेदाग सार्वजनिक जीवन पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियों को प्रदर्शित किया गया।
पीएम मोदी की प्रेरणा से जनसेवा का संकल्प
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को सामने रखकर काम करने से उन्हें और उनकी सरकार को राज्य की जनता के लिए निस्वार्थ भाव से सेवा करने की असीम ऊर्जा मिलती है। प्रधानमंत्री द्वारा दिखाई गई जनकल्याण की राह ही राज्य सरकार का मुख्य मार्गदर्शक है।
शाम को गुजरात दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन के दौरान यह भी जानकारी दी कि वे बुधवार शाम को गुजरात का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि गुजरात में आयोजित विशेष समारोह में शामिल होने के लिए वे रवाना होंगे। देशभर में मनाए जा रहे इस 25वें वर्षगांठ उत्सव को लेकर पश्चिम बंगाल में भी भारतीय जनता पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।