झाड़ग्राम (पश्चिम बंगाल): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार, 17 सितंबर को झाड़ग्राम के प्रसिद्ध झालमुड़ी विक्रेता बिक्रम कुमार साऊ ने एक खास ऑफर देकर जश्न मनाया। बिक्रम वही विक्रेता हैं, जिनकी दुकान की झालमुड़ी प्रधानमंत्री ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान खाई थी और बाद में नीदरलैंड्स में भारतीय समुदाय के सामने भी इसका जिक्र किया था। प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए बिक्रम साऊ ने गुरुवार को अपनी दुकान पर आने वाले हर ग्राहक को 20 ग्राम अतिरिक्त झालमुड़ी देने का निर्णय लिया।
सुबह उठकर की पीएम मोदी की पूजा, मोबाइल पर लगाई तस्वीर
दुकान खोलने से पहले अपनी दिनचर्या के बारे में बताते हुए बिक्रम साऊ ने कहा कि गुरुवार सुबह उठकर स्नान करने के बाद उन्होंने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के सामने पूजा-अर्चना की। उन्होंने ईश्वर से प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की। इसके अलावा उन्होंने अपने मोबाइल फोन के डिस्प्ले पर भी प्रधानमंत्री की तस्वीर लगा रखी है।
प्रधानमंत्री से छोटे से घर की गुहार
अपनी स्थिति का जिक्र करते हुए बिक्रम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक छोटे से पक्के मकान की अपील की है। बिक्रम ने कहा, "मैं तो एक गरीब इंसान हूं। अगर प्रधानमंत्री जी मेरे लिए एक छोटा सा घर बनवा दें, तो यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात होगी और मुझे बहुत खुशी होगी।"
जब काफिला रोककर पीएम मोदी ने खाई थी ₹10 की झालमुड़ी
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष अप्रैल महीने में चुनाव प्रचार के दौरान झाड़ग्राम में सभा खत्म करने के बाद जब प्रधानमंत्री का काफिला हेलीपैड की ओर जा रहा था, तब कॉलेज मोड़ के पास उनका काफिला अचानक रुक गया। पीएम मोदी गाड़ी से उतरकर बिक्रम की दुकान पर पहुंचे और 10 रुपये की झालमुड़ी खरीदी। जब बिक्रम ने पूछा कि क्या वे मिर्च और प्याज खाएंगे, तो पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा था कि वे मिर्च और प्याज सब खाते हैं, "सिर्फ दिमाग नहीं खाता।"
तृणमूल के कटाक्ष पर पीएम मोदी का पलटवार
प्रधानमंत्री द्वारा सड़क किनारे झालमुड़ी खाने की इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने उस समय राजनीतिक कटाक्ष करते हुए इसे 'नाटक' करार दिया था। इसके जवाब में पीएम मोदी ने अपनी अगली जनसभा में कहा था कि "झालमुड़ी कुछ लोगों को जोर से लगी है। मैंने तो केवल झालमुड़ी खाई थी, लेकिन मिर्च तृणमूल को लग गई।"
विदेश की धरती तक पहुंची झाड़ग्राम की झालमुड़ी की चर्चा
पश्चिम बंगाल में जीत के बाद मिठाई के साथ झालमुड़ी बांटे जाने की घोषणा की गई थी। बाद में विदेश दौरे के दौरान नीदरलैंड्स में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में झाड़ग्राम के बिक्रम साऊ की झालमुड़ी के स्वाद का विशेष उल्लेख किया था। इसके साथ ही वर्तमान में राज्य के कई सरकारी आयोजनों और बैठकों में टी-ब्रेक के दौरान झालमुड़ी प्रमुख रूप से शामिल रहती है।