कोलकाता: पश्चिम बंगाल के लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री अजय पोद्दार से कथित तौर पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), भारत सरकार की सदस्य बनकर मुलाकात करने वाली महिला को शिबपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान डॉ. आकांक्षा विद्यार्थी के रूप में हुई है।
PMO सदस्य होने का किया था दावा
शिबपुर थाने को 30 सितंबर की देर शाम PWD मंत्री के पीए की ओर से लिखित शिकायत मिली थी। शिकायत के मुताबिक, डॉ. आकांक्षा विद्यार्थी ने PWD मंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा था और नबन्ना स्थित मंत्री के कार्यालय में पहुंचकर खुद को PMO, भारत सरकार की सदस्य बताया था।
बातचीत के बाद मंत्री को हुआ संदेह
बताया गया कि मुलाकात के दौरान महिला की ओर से दिए गए कुछ बयान प्रासंगिक नहीं लगे। महिला के कार्यालय से जाने के बाद मंत्री को उसकी बताई गई पहचान और PMO से जुड़े होने के दावे पर संदेह हुआ। इसके बाद उसकी पहचान और कथित पद की जानकारी सत्यापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
दावा गलत मिलने के बाद दर्ज हुई शिकायत
जांच में महिला के PMO से जुड़े होने का दावा कथित तौर पर गलत पाए जाने के बाद PWD मंत्री के पीए की ओर से शिबपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर शिबपुर थाना केस नंबर 482/26, 30 सितंबर 2026 को BNS की धारा 319(2), 204 और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
कोलकाता से दिल्ली चली गई थी महिला
मामला दर्ज होने के दौरान महिला कोलकाता से निकलकर दिल्ली स्थित अपने आवास पहुंच गई थी। इसके बाद शिबपुर पुलिस ने देर रात एक टीम दिल्ली भेजी। पुलिस टीम का नेतृत्व एक महिला सब-इंस्पेक्टर ने किया।
सेंट्रल दिल्ली स्थित घर से गिरफ्तारी
शिबपुर पुलिस की टीम ने गुरुवार दोपहर महिला को सेंट्रल दिल्ली स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जा रहा है।
ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी पुलिस
शिबपुर पुलिस की ओर से स्थानीय अदालत में महिला की ट्रांजिट रिमांड की मांग किए जाने की बात सामने आई है, ताकि उसे दिल्ली से पश्चिम बंगाल लाकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।