कोलकाता: पश्चिम बंगाल के चर्चित अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी ने गुरुवार को नवान्न पहुंचकर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही प्रसेनजीत नवान्न पहुंच गए थे। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
राज्यसभा उपचुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल
कुछ दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर प्रसेनजीत चटर्जी के आवास पर उनसे मुलाकात की थी। अब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से उनकी मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब 24 जुलाई को राज्यसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव होने हैं। ऐसे में इस मुलाकात को लेकर कई तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।
भाजपा में शामिल हुए तृणमूल के तीन पूर्व सांसद
इसी बीच भाजपा के साल्टलेक स्थित प्रदेश कार्यालय में तृणमूल कांग्रेस के तीन पूर्व राज्यसभा सांसद—सुखेंदुशेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक—ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस घटनाक्रम ने राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी और बढ़ा दी है।
उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं तेज
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सुखेंदुशेखर राय और प्रकाश चिक बराइक को भाजपा राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
तीन इस्तीफों के कारण हो रहा उपचुनाव
उल्लेखनीय है कि सुखेंदुशेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे के बाद खाली हुई तीन राज्यसभा सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव कराया जाएगा। ऐसे में बंगाल की राजनीति में हर नई मुलाकात और घटनाक्रम पर सभी की नजर बनी हुई है।