पुरुलिया: कोलकाता पुलिस STF और पुरुलिया जिला पुलिस ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस को मिली खुफिया सूचना के आधार पर रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (NH-18) पर बेलकुरी टोल प्लाजा के समीप एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया।
ड्राइवर की सीट के पीछे बने गुप्त चेंबर से मिला गांजा
तलाशी के दौरान ट्रक की ड्राइवर सीट के पीछे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खांचे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार तस्करों ने मादक पदार्थ को बेहद सुनियोजित तरीके से छिपाया था ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।
दो एस्कॉर्ट वाहन भी पकड़े गए, सात लोग हिरासत में
जांच में पता चला कि ट्रक के साथ ओडिशा से आसनसोल की ओर जा रही दो एस्कॉर्ट गाड़ियां भी चल रही थीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी रोक लिया और इस पूरे अभियान में कुल सात लोगों को हिरासत में लिया गया। सभी से पूछताछ की जा रही है और तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
राज्य सरकार की दो टूक-ड्रग तस्करी पर जीरो टॉलरेंस
इस कार्रवाई की सराहना करते हुए राज्य सरकार ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाली हर गतिविधि के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है। पुलिस अधिकारियों की सतर्कता और समन्वित कार्रवाई की भी प्रशंसा की गई।
जांच जारी, पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस अब जब्त किए गए गांजे की मात्रा, इसकी आपूर्ति श्रृंखला और इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।