कोलकाता: दक्षिण 24 परगना के राजरहाट में हुए विस्फोट मामले की जांच अब और तेज हो गई है। स्थानीय पुलिस के साथ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), CID और बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के पीछे की असली वजह का पता लगाने में लगी हैं।
घटनास्थल से मिले कई विस्फोटक
शुक्रवार रात जिस मकान में धमाका हुआ था, उसे पुलिस ने पूरी तरह घेर लिया है। तलाशी अभियान के दौरान जांच टीमों को वहां से कई संदिग्ध विस्फोटक सामग्री भी मिली है। अब इनकी फोरेंसिक जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
CCTV फुटेज के आधार पर एक व्यक्ति हिरासत में
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। न्यू टाउन के डीसी ज्योतिर्मय राय ने बताया कि बरामद विस्फोटकों की वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी और फिलहाल CID पूरे मामले की जांच कर रही है।
घनी आबादी वाले इलाके में हुआ धमाका
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस इलाके में विस्फोट हुआ, वह घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यदि धमाका और अधिक शक्तिशाली होता तो बड़ी जनहानि और संपत्ति का नुकसान हो सकता था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मकान को नियमों के तहत किराए पर दिया गया था या नहीं।
विधायक ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे स्थानीय विधायक पीयूष कानोरिया ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
विस्फोट की वजह अभी स्पष्ट नहीं
शुक्रवार रात राजरहाट के दक्षिण नारायणपुर स्थित सुपुरीबागान इलाके के एक किराए के मकान में जोरदार धमाका हुआ था। शुरुआती जांच में सुतली बम फटने की आशंका जताई गई है, लेकिन वास्तविक कारण का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मकान में विस्फोटक क्यों रखा गया था और इसमें किन लोगों की भूमिका थी।