कोलकाता: पश्चिम बंगाल के राजरहाट के दक्षिण नारायणपुर स्थित सुपारी बागान इलाके में शुक्रवार देर रात एक घर के भीतर भीषण विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है, हालांकि अब तक किसी के मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुतली बम से विस्फोट की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि विस्फोट सुतली बम के कारण हुआ हो सकता है। मामले की संयुक्त जांच नारायणपुर और राजरहाट थाना पुलिस कर रही है। साथ ही, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
बैग रखकर बाहर निकले दो नाबालिग, कुछ देर बाद हुआ धमाका
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही दो लोग इस घर में किराए पर रहने आए थे। शुक्रवार रात दो नाबालिग एक बैग लेकर घर में दाखिल हुए। पुलिस के अनुसार, दोनों ने बैग को घर के एक कमरे में रखा और बाहर निकल आए। इसके कुछ ही देर बाद घर के भीतर जोरदार विस्फोट हो गया।
धमाके में घर के दो कमरे क्षतिग्रस्त, इलाके में दहशत
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घर के दो कमरे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बैग में क्या था, इसकी जांच जारी; दोषियों पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का दावा है कि बैग के अंदर क्या था, इसकी जानकारी संभवतः उन दोनों नाबालिगों को भी नहीं थी। फिलहाल पुलिस विस्फोट के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।