संदेशखाली से बीजेपी विधायक रेखा पात्र ने पुलिस के साथ हुए विवाद और उसके बाद सामने आई परिस्थितियों को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि जिस पुलिस अधिकारी का उन्होंने कॉलर पकड़ा था, वह सिविल ड्रेस में थे और यह सब गलती से हुआ। रेखा पात्र ने दावा किया कि उन्होंने जानबूझकर अधिकारी का कॉलर नहीं पकड़ा था।
पुलिस पर भी लगाए सवाल
रेखा पात्र ने कहा कि मौके पर कई पुलिस अधिकारी खाकी वर्दी में मौजूद थे, लेकिन उन्होंने किसी अन्य पुलिसकर्मी को हाथ नहीं लगाया। उनका आरोप है कि सिविल ड्रेस में मौजूद अधिकारी ने भी कैमरा करते समय उन्हें लात मारी थी। रेखा पात्र ने कहा कि अगर किसी अधिकारी ने विधायक के साथ ऐसा किया है तो यह भी कानून के खिलाफ है।
‘मुझे न्याय नहीं मिला’
जब रेखा पात्र से पूछा गया कि क्या उन्हें इस मामले में न्याय मिला है, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें अभी तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने अपने वकील से बातचीत की है और आगे कानूनी रास्ते पर विचार कर रही हैं।
पार्टी के अंदर भी विवाद का आरोप
रेखा पात्र ने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर मामले से जुड़े लोगों को उनके समर्थन में सामने आने से रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने संदेशखाली ब्लॉक-2 के मंडल अध्यक्ष अर्णब पात्र का नाम लेते हुए दावा किया कि बूथ अध्यक्षों को फोन कर कहा गया कि रेखा पात्र ने पार्टी को इस मामले की जानकारी नहीं दी है, इसलिए उनके मुद्दे पर किसी को आगे नहीं जाना चाहिए।
‘मेरे खिलाफ कौन कर रहा है, वही जवाब देगा’
पार्टी के भीतर से कथित तौर पर हो रहे विरोध और दुष्प्रचार को लेकर सवाल पूछे जाने पर रेखा पात्र ने कहा कि कौन उनके खिलाफ ऐसा कर रहा है और इसके पीछे क्या वजह है, इसका जवाब वही लोग दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी स्वार्थ के लिए किया जा रहा है या किसी अन्य कारण से, वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकतीं।
धमकी देने का लगाया आरोप
रेखा पात्र ने दावा किया कि घटना के बाद उन्हें कथित तौर पर धमकियां भी दी गईं। उनके मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच तीन-चार बाइक पर कुछ लोग पहुंचे और गमछा बांधकर उन्हें धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें ‘आग से खेलने’ जैसी बातें कही गईं और आदिवासी समुदाय को लेकर भी कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय को दी जानकारी
रेखा पात्र ने कहा कि उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री को इस बारे में जानकारी नहीं दी, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय के एक व्यक्ति को मामले की जानकारी दी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि वह पार्टी में अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए आई थीं, लेकिन अगर उनके साथ ही अन्याय होता रहेगा तो फिर उन्हें न्याय कहां मिलेगा। रेखा पात्र ने यह भी कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और वह शारीरिक रूप से काफी अस्वस्थ हैं।