कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विदेशी निवेश को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और सांसद समिक भट्टाचार्य ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि रूस की ओर से पश्चिम बंगाल में निवेश की संभावना है और दोनों पक्षों के बीच जल्द ही सहयोग देखने को मिल सकता है।
सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर पर नजर
समिक भट्टाचार्य के मुताबिक, रूस के निवेशकों की ओर से बंगाल में सेमीकंडक्टर उद्योग और डेटा सेंटर स्थापित करने को लेकर रुचि दिखाई गई है। उन्होंने संकेत दिया कि इन क्षेत्रों के अलावा अन्य सेक्टरों में भी निवेश की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
औद्योगिक विकास को लेकर सरकार का फोकस
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए बड़े उद्योगों के साथ-साथ स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश का माहौल तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
निवेश के लिए चल रही बातचीत
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राज्य में निवेश लाने के लिए अलग-अलग स्तरों पर बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में वे आगे मुंबई का दौरा भी करेंगे और उद्योग जगत से जुड़े लोगों के साथ बातचीत करेंगे।
बोले- बदलाव में लगेगा थोड़ा समय
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि किसी भी राज्य में औद्योगिक बदलाव और बड़े पैमाने पर निवेश रातोंरात नहीं आता। इसके लिए कुछ समय देना होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल में निवेश और उद्योग के क्षेत्र में बदलाव दिखाई देगा।
बंगाल में निवेश बढ़ाने की कोशिश
राज्य में नई सरकार के गठन के बाद औद्योगिक निवेश बढ़ाने को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में रूस से संभावित निवेश को लेकर समिक भट्टाचार्य का बयान पश्चिम बंगाल के औद्योगिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।