कोलकाता: पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश और रोजगार को नई रफ्तार देने की दिशा में एक अहम पहल सामने आई है। राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर केंद्र सरकार की 'भाव्य रसायन' योजना के तहत पश्चिम बंगाल के लिए एक केमिकल पार्क हासिल करने की मांग की है। सांसद ने इसे राज्य के औद्योगिक भविष्य के लिए बड़ा अवसर बताते हुए सरकार से तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।
केंद्र की योजना से बंगाल को मिल सकता है बड़ा औद्योगिक प्रोजेक्ट
अपने पत्र में समिक भट्टाचार्य ने उल्लेख किया कि 24 जुलाई 2026 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 3,030 करोड़ रुपये की लागत वाली भाव्य रसायन योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत देश में केवल तीन आधुनिक केमिकल पार्क स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक पार्क के लिए केंद्र सरकार अधिकतम 1,000 करोड़ रुपये तक की सहायता देगी, जबकि संबंधित राज्य को कम से कम 500 करोड़ रुपये का योगदान देना होगा और लगभग 2,000 एकड़ विवाद-मुक्त भूमि उपलब्ध करानी होगी।

निवेश, रोजगार और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
सांसद ने पत्र में कहा कि यदि पश्चिम बंगाल इस परियोजना को हासिल करता है, तो राज्य में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का विकास होगा। इससे निर्माण कार्य, रसायन उद्योग, लॉजिस्टिक्स और एमएसएमई क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही कृषि, वस्त्र, फार्मास्यूटिकल, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पश्चिम बंगाल को देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों की श्रेणी में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इन क्षेत्रों को बताया उपयुक्त
समिक भट्टाचार्य ने पत्र में सिंगूर, हल्दिया, रघुनाथपुर और दुर्गापुर को केमिकल पार्क के लिए उपयुक्त स्थान बताया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार यदि किसी अन्य स्थान को अधिक उपयुक्त समझती है तो उसका भी चयन किया जा सकता है।
राज्य सरकार से चार बड़े कदम उठाने की अपील
सांसद ने मुख्यमंत्री से इस परियोजना के लिए उद्योग, वाणिज्य एवं उद्यम विभाग तथा WBIDC के नेतृत्व में एक अंतर-विभागीय टास्क फोर्स गठित करने का अनुरोध किया है। इसके अलावा भूमि और आधारभूत संरचना की तैयारी, केंद्र सरकार के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल विभाग के साथ समय रहते समन्वय तथा आगामी बजट में राज्य की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
केंद्र-राज्य समन्वय में सहयोग का भरोसा
समिक भट्टाचार्य ने अपने पत्र में कहा कि यदि राज्य सरकार इस दिशा में पहल करती है तो वह केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने और परियोजना को आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह करते हुए कहा कि देशभर में केवल तीन केमिकल पार्क स्थापित होने हैं, इसलिए समय पर कार्रवाई करना बेहद महत्वपूर्ण होगा।