कोलकाता: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कोलकाता के मुरलीधर सेन लेन स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
‘आपके बिना ही सत्ता में आए हैं’
समिक भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी अपने दम पर सत्ता में आई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अच्छे बनकर घर पर बैठिए, हमारे जुलूस में मत आइए। आपके बिना ही हम सत्ता में आए हैं और आपके बिना ही कोलकाता और हावड़ा नगर निगम पर भी कब्जा करेंगे।”
‘लोकतांत्रिक तरीके से हमारा विरोध करें’
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से बीजेपी का विरोध करे। उन्होंने कहा कि पार्टी को किसी के समर्थन की जरूरत नहीं है और वह अपने दम पर आगे बढ़ रही है।
पुलिस को लेकर समिक भट्टाचार्य का बड़ा बयान
समिक भट्टाचार्य ने पुलिस से बिना डर के काम करने की अपील की। उन्होंने कहा, “पुलिस को कह रहा हूं, निश्चिंत रहें। आपको टेबल के नीचे जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डरिए मत, यह सुवेंदु अधिकारी की सरकार है।” उन्होंने कहा कि अब राज्य में तृणमूल या वाम सरकार नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल सरकार है और पुलिस स्वतंत्र रूप से कार्रवाई करे।
‘वंदे मातरम्’ को स्वीकार करना होगा
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती पर रहने वाले लोगों को ‘वंदे मातरम्’ को स्वीकार करना और आत्मसात करना होगा। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के आगे बढ़ने की बात कही।
‘आजादी-आजादी’ के नारे को लेकर चेतावनी
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि कोलकाता की सड़कों पर ‘आजादी-आजादी’ के नारे लगाने से बचना चाहिए। उन्होंने सरकार का विरोध लोकतांत्रिक तरीके से करने की बात कही और मौलवाद के रास्ते पर नहीं चलने की अपील की।
धर्मतला को लेकर पार्षदों को निर्देश
धर्मतला को लेकर भी समिक भट्टाचार्य ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने पार्षदों से धर्मतला को साफ करने के लिए कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसके लिए किसी निर्देश का इंतजार करने की जरूरत नहीं है और यह पार्टी की नीति है।