मानकुंडू: वेस्ट बंगाल फॉरेन लिकर लाइसेंसी सोसाइटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता शंकुदेब पांडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में विदेशी शराब कारोबार, कानून व्यवस्था और अवैध कारोबार पर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट किया।
'कानून के दायरे में कारोबार करेंगे तो कोई परेशानी नहीं'
मीडिया से बातचीत में शंकुदेब पांडा ने कहा कि जो भी कारोबारी कानून का पालन करते हुए व्यवसाय करेंगे, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में व्यापार पूरी तरह कानूनी व्यवस्था के तहत संचालित होगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
'कानून और नीति दोनों में सुधार की जरूरत'
जब उनसे राज्य में विदेशी शराब कारोबार की सबसे बड़ी चुनौती के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में कानून और नीति, दोनों स्तर पर सुधार की आवश्यकता है। उनका कहना था कि सरकार की नीतियों और कानूनी व्यवस्था के अनुरूप ही कारोबार को आगे बढ़ाया जाएगा।
'लीगल सिस्टम से अवैध कारोबार पर लगेगी रोक'
शंकुदेब पांडा ने कहा कि यदि विदेशी शराब का कारोबार पूरी तरह कानूनी व्यवस्था के तहत संचालित होगा तो अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि इससे सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी और गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
अवैध शराब और ड्रग्स के कारोबार पर सख्त चेतावनी
भाजपा नेता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध शराब और ड्रग्स के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और राज्य में पारदर्शी एवं वैध कारोबारी व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा।