कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान शिबपुर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईआईईएसटी) को आईआईटी का दर्जा देने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के समक्ष रखा है। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को विकास भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के दौरान यह प्रस्ताव केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल को सौंपा गया। राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से संस्थान की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और मजबूत होगी।
आईआईटी का दर्जा मिलने से बढ़ेगी वैश्विक पहचान
सूत्रों के मुताबिक, शिबपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से लेकर बीईएसयू और बाद में आईआईईएसटी बनने तक संस्थान का नाम कई बार बदला, लेकिन इसकी ब्रांड वैल्यू अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी। राज्य सरकार का मानना है कि यदि आईआईईएसटी को आईआईटी का दर्जा मिलता है तो शिक्षा की गुणवत्ता, शोध गतिविधियों और वैश्विक स्तर पर संस्थान की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर भी हुई विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। राज्य और केंद्र के अधिकारियों के बीच नई शिक्षा व्यवस्था, उच्च शिक्षा में सुधार तथा विभिन्न शैक्षणिक परियोजनाओं को गति देने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
आईआईएम कोलकाता को मिल सकती है 500 करोड़ रुपये की राशि
सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से कोलकाता नगर निगम से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं मिलने के कारण आईआईएम कोलकाता की लगभग 500 करोड़ रुपये की राशि अटकी हुई थी। नई सरकार के गठन के बाद आवश्यक मंजूरियां मिलने की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिससे जल्द ही यह राशि जारी होने की संभावना है।
लंबित परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
जानकारी के अनुसार, पिछली सरकार के दौरान नगर निगम से एनओसी नहीं मिलने के कारण केंद्र सरकार की कई परियोजनाएं लंबित थीं। अब नई सरकार के आने के बाद इन परियोजनाओं को आवश्यक मंजूरी देकर तेजी से आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
केंद्र और राज्य के अधिकारियों के बीच हुई अहम बैठक
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री, केंद्र सरकार के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तथा पश्चिम बंगाल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में उच्च शिक्षा, संस्थागत विकास और लंबित परियोजनाओं के शीघ्र समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।