कोलकाता: कोलकाता के न्यू टाउन स्थित इको पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। राज्य सरकार ने उनकी 125वीं जयंती के अवसर पर इस परियोजना की घोषणा की थी। इसके लिए 200 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। प्रतिमा के साथ-साथ उनके पैतृक आवास के संरक्षण और पुनर्निर्माण का भी कार्य किया जाएगा।
6 जुलाई को अमित शाह करेंगे शिलान्यास
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर 6 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे न्यू टाउन के इको पार्क में प्रतिमा परियोजना का शिलान्यास करेंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार, वे भवानीपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास पर भी श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।
ऐसा रहेगा दौरे का कार्यक्रम
सूत्रों के अनुसार, अमित शाह दोपहर में दिल्ली से रवाना होकर लगभग 1:50 बजे कोलकाता पहुंच सकते हैं। इसके बाद वे सीधे भवानीपुर स्थित पैतृक आवास जाएंगे और वहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद शाम को इको पार्क में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद उनके उसी दिन दिल्ली लौटने की संभावना है।
'स्मृति पक्ष' के तहत होंगे विशेष आयोजन
राज्य के उच्च शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी उच्च शिक्षण संस्थानों को 'डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति पक्ष' मनाने का निर्देश दिया है। 23 जून से 6 जुलाई तक कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में व्याख्यान, संगोष्ठी, प्रदर्शनी और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को उनके जीवन और योगदान से परिचित कराया जा सके।